लखनऊ। रहीमाबाद इलाके में डाला चालक ने दोस्त से दुश्मन बने दो युवकों को फंसाने के लिए खुद को गोली मार ली थी। उसने जिन पर गोली चलाने का आरोप लगाया था उनकी लोकेशन मौके पर नहीं मिली। शुक्रवार को पुलिस ने ये खुलासा किया है।
रहीमाबाद के अनीपुर ससपन निवासी डाला चालक विनय की उन्नाव के औरास निवासी विकास यादव व रहीमाबाद के तरौना निवासी महेंद्र सिंह से अच्छी दोस्ती थी। विनय ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। मगर दो साल पहले उसकी नजदीकी महेंद्र से हो गई थी। जिसके बाद पत्नी विनय को छोड़कर महेंद्र के साथ रहने लगी। इससे विनय नाराज था। एक वाहन खरीदने को लेकर विनय के विकास यादव से भी रिश्ते खराब हो गए थे।
दोस्त से दुश्मन बने महेंद्र व विकास को सबक सिखाने के लिए विनय ने साजिश रची। इसके तहत एक नवंबर की रात विनय ने तमंचे से अपने हाथ पर गोली मार ली थी। फिर महेंद्र व विकास के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने जब सर्विलांस के जरिए छानबीन की तो एक आरोपी की लोकेशन ठाकुरगंज तो दूसरे की मध्य प्रदेश में मिली। अब मामले में विनय के खिलाफ ही कार्रवाई की तैयारी है। (संवाद)