लखनऊ। सआदतगंज के कैंपबेल रोड स्थित हर्ष पुरम कॉलोनी निवासी सुमित श्रीवास्तव (36) ने ऑनलाइन नायलॉन की रस्सी मंगवाई और उसी से फंदा लगाकर जान दे दी। उन्होंने आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
सुमित के बड़े भाई अमित ने बताया कि सुमित ऑनलाइन सर्जिकल सामान की आपूर्ति का व्यवसाय करते थे। शनिवार दोपहर उन्होंने सुमित के साथ चाय, नाश्ता किया। इसके बाद वह काम पर चले गए। शाम पांच बजे मोहल्ले के कुछ बच्चे खेलते हुए उनके घर पहुंचे तो सुमित के कमरे का दरवाजा खुला था। बच्चों ने अंदर झांक कर देखा तो सुमित का शव कुंडे में नायलॉन की रस्सी के सहारे लटक रहा था। बच्चों को शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। घर में सुमित के लकवाग्रस्त पिता अशोक श्रीवास्तव लेटे थे। खबर पाकर अमित व उनकी पत्नी जो कोचिंग पढ़ने गई थीं, घर पहुंचे।
मौके पर पहुंची पुलिस को सुमित के दो मोबाइल फोन मिले। मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन नायलॉन की रस्सी मंगाए जाने का ऑर्डर मिला। पुलिस ने दोनों मोबाइल जांच के लिए कब्जे में ले लिए हैं। अमित ने पुलिस को बताया कि सुमित बीते कुछ दिनों से गुमसुम था। पिता अशोक श्रीवास्तव रेलवे में लोको चालक पद से सेवानिवृत्त हैं। मां की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष कुमार आर्य ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस आत्महत्या की वजह का पता लगा रही है।