लखनऊ। महानगर के रहीमनगर निवासी निजी कंपनी की कर्मचारी अनामिका भारती ने उत्तराखंड के काशीपुर निवासी राजीव कुमार पर दो शादी की बात छिपाकर उनसे विवाह करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के लाखों रुपये और स्कूटी हड़पने का भी आरोप है। महानगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज की है।
अनामिका के मुताबिक वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के जरिये उनकी पहचान राजीव से हुई। वह मूल रूप से मुरादाबाद के बुद्धि विहार का रहने वाला है। बातचीत बढ़ने पर आरोपी का उनके घर आना-जाना होने लगा। एक दिन राजीव ने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। हामी भरने पर दोनों ने 20 मई 2022 को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
अनामिका का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से राजीव उनसे रुपये लेने लगा। उनकी दो स्कूटी भी बेच दी। इस बीच पीड़िता को पता चला कि राजीव दीप सागर और अंबिका से पहले ही शादी कर चुका है। आरोपी के खिलाफ मुरादाबाद में चोरी और ठगी के तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें वह जेल भी जा चुका है। पीड़िता का आरोप है विरोध करने पर राजीव उन्हें व उनकी बहन को धमका रहा है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक मामले की विवेचना दरोगा दिलशाद चौधरी कर रहे हैँ। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।