निगोहां। भद्दीखेड़ा निवासी पवन (30) ने गांव के बाग में फंदा लगाकर जान दे दी। पवन के पिता शिवलाल ने बताया कि बेटा किसानी के साथ शटरिंग का भी काम करता था। बुधवार रात वह खेत में बंधे जानवरों को चारा देने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने पवन के शव को बाग में लगे पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा। ग्रामीणों में चर्चा थी कि बुधवार रात शराब पीने पर घर में कहासुनी हुई थी। उसी के बाद पवन खेत की तरफ चले गए थे। परिवार में पत्नी शोभावती, बेटा विवेक, बेटी राधिका और मां कलावती हैं। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।