लखनऊ। तालकटोरा के आलमनगर मायापुरम स्थित निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हरदोई के संडीला जगसिया निवासी मजदूर आनंद (30) की मौत के मामले में मकान मालिक संजय व उसके भाई आशीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। घटना 25 नवंबर की है।
परिजनों का आरोप है कि लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते उनके बेटे की जान चली गई। आनंद की मां अतरकली के मुताबिक वह बेटे के साथ बादशाहखेड़ा में किराये के घर में रहती थीं। दो दिन बीत जाने के बाद जब उनका बेटा घर नहीं पहुंचा तो 28 नवंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने गईं। वहां पता चला कि आरोपियों के मकान में काम करते समय पिलर गिरने से आनंद की मौत हो गई। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि पहचान होने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। दोनों पक्षों में सुलह की बात चल रही थी। उसमें सहमति न बनने पर केस दर्ज कर करवाई की जा रही है।