लखनऊ। प्राचीनकाल से ही हमारे समाज के सामने गार्गी, लोपमुद्रा, अहिल्या जैसी जागी हुई स्त्रियों की प्रेरक कहानियां रही हैं। दुर्भाग्यवश अक्सर स्त्रियों के भाग्य में शोषण और मन की बेड़ियां ही आईं। आज बदलाव का दौर है और स्त्रियां हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। विश्व गुरु बनने की राह में देश को दिशा दे रही हैं। श्रीगुरु वशिष्ठ न्यास की ओर से आयोजित श्रीराम परिषद के दूसरे दिन रविवार को 'मातृशक्ति से राष्ट्रशक्ति' विषय पर बोलते हुए लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि भारत में स्त्रियों का विमर्श मांओं की कहानियों के बिना संभव नहीं है। अपने बच्चों को हमें अपनी मांओं की कहानियां सुनानी चाहिए। नौकरी त्यागकर बच्चों को पालने व संस्कार देने में तरजीह देने वाली स्त्रियां प्रशंसा के योग्य हैं। उन्होंने नमक आंदोलन के समय का अंग्रेजों द्वारा प्रतिबंधित मथुरा की जेल से मिला रसिया ब्रज देशभक्ति गीत - प्रीतम चलूं तुम्हारे संग, जंग में पकड़ूंगी तलवार... भी गाकर सुनाया।
नारी शक्ति की परंपरा प्राचीन काल से
महाराष्ट्र से आईं स्तंभकार व सामाजिक कार्यकर्ता शेफाली वैद्य ने कहा कि भारत में नारी शक्ति की परंपरा प्राचीन काल से है। देश में सबसे पहले हिंदवी स्वराज का विजन माता जीजाबाई ने ही शिवाजी के मन में रोपा। शेफाली ने बताया कि गुजरात की रानी नायिकी देवी ने मोहम्मद गोरी को युद्ध में हराया था। चोलराज वंश की रानी सिंबियन देवी ने भी शासन बखूबी संभाला था।
पितृसत्तात्मक व्यवस्था यूरोप की देन
लेखिका व शिक्षिका दीपाली पाटवड़कर ने कहा कि हमारी पहली गुरु हमारी माता है। पितृसत्तात्मक व्यवस्था तो यूरोप की देन है। उन्होंने अहिल्या देवी और रानी दुर्गावती के जन कल्याण, शासन व्यवस्था का प्रेरक इतिहास बयान किया।
अधिकारों के लिए आवाज उठाना जरूरी
वरिष्ठ पत्रकार ऋचा अनिरुद्ध ने कहा कि हमारी पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि बच्चों को सही रोल मॉडल चुनना सिखाएं। झांसी की रानी का उल्लेख आजकल की महिलाओं के लिए नकारात्मक या व्यंग्यात्मक लहजे में होता है। इसमें बदलाव होना चाहिए।
अंत्योदय की राह में बाधा बिचौलियों को हटाया
स्वतंत्र भारत में अंत्योदय का अभ्युदय विषय पर बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी ने कहा कि आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति की देश की अर्थव्यवस्था, समाज व राजनीति इन तीनों में भागीदारी अनिवार्य हो, यही अंत्योदय का विजन है। राष्ट्रवादी सरकार ने अपनी इच्छाशक्ति से व्यवस्था से बिचौलियों को खत्म किया। ई गवर्नेंस, स्मार्ट विलेज, जनधन आदि योजनाओं व डिजिटलाइजेशन के जरिये सीधे जनता से जुड़ी। वरिष्ठ पत्रकार राजकिशोर ने कहा कि किसी स्वस्थ समाज में, राजा और याचक की कोई जगह नहीं होती। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि सबल व निर्बल सबको बराबर नहीं बांटना है, बल्कि जिसको सबसे ज्यादा जरूरत है, उसे प्राथमिकता देनी होगी। शांतनु गुप्ता ने कहा कि महाकुंभ से प्रयागराज का चहुंओर विकास हुआ। आर्थिकी व इंफ्रास्ट्रक्चर उन्नत हुई। संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गौतम ने कहा कि पहले के सरकारों में एक रुपये में 15 पैसा ही लोगों तक पहुंचता था। 85 पैसा बीच में हजम हो जाता था। अब पूरा एक रुपया अंतिम व्यक्ति के पास पहुंच रहा है।
ओटीटी पर परोसा जा रहा अश्लील कंटेंट
सत्र ओटीटी : सांस्कृतिक प्रदूषण विषय पर बोलते हुए पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने कहा कि 2018 में ओटीटी के आने के बाद से संस्कृति पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर अश्लील कंटेंट परोसे जा रहे हैं। फेसबुक तक पर ऐसे कंटेंट की भरमार है। जेम्स ऑफ वॉलीवुड की संस्थापक स्वाति गोयल शर्मा ने कहा कि केवल कानून बनने से ही काम नहीं चलेगा, इसके लिए सामाजिक दबाव की भी जरूरत है।