काकोरी। मोहान रोड स्थित मदारपुर गांव के बाहर सड़क किनारे खून से लथपथ मिली अज्ञात महिला की मौत अब भी रहस्य बनी हुई है। घटना के पांच दिन बाद सोमवार को महिला के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
नौ अप्रैल को मदारपुर गांव के पास करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिला था। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया, उसके बाद हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पहचान न होने के कारण शव को पोस्टमाॅर्टम हाउस में रखा गया था। सोमवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमाॅर्टम किया। इसके बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया, जिसका अंतिम संस्कार गोमतीनगर स्थित भैंसाकुंड घाट पर कराया गया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।