लखनऊ। मड़ियांव में आईआईएम रोड स्थित एसएन हॉस्पिटल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हाे गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं हुई है।
सीतापुर सिधौली निवासी शाहिद की पत्नी जन्नतुन निशा (28) को झटके आने पर परिजनों ने 10 सितंबर को एसएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। महिला छह माह की गर्भवती थी। परिजनों का आरोप है कि झटके के इलाज के बजाय अस्पताल प्रशासन ने सिजेरियन ऑपरेशन कर डिलीवरी कर दी। इससे ऑपरेशन के कुछ ही घंटे बाद बच्चे की मौत हो गई, जबकि बृहस्पतिवार देर रात प्रसूता की भी मौत हो गई।
इससे नाराज परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। अस्पताल संचालक युसूफ अली का कहना है कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है। परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं। वहीं, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि पुलिस के जरिये पत्र मिलने पर जांच कराई जाएगी। लापरवाही के आरोप सही मिले तो अस्पताल पर कार्रवाई की संस्तुति होगी।