लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में रहने वाली कनिका की मौत सिर पर चोट लगने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
प्रयागराज की रहने वाली कनिका (32) कृष्णानगर के रामगढ़ कॉलोनी में अपार्टमेंट में बने एक फ्लैट में अकेले रहती थीं। भाई सागर के मुताबिक उनके जीजा निरंजन राहा की मौत वर्ष 2018 में हो गई थी। जुलाई में बहन कनिका लखनऊ में रहने लगी, पर परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। दिवाली के दिन बहन ने घर में कॉल पर बेटे जॉय से बात की थी। उन्होंने घर आने की बात कही थी। इसके बाद से कनिका की बात नहीं हुई। शनिवार रात कनिका की मौत की खबर पुलिस से मिली।
इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कनिका की एलडीए कॉलोनी निवासी एक युवक से तीन साल से दोस्ती थी। एक माह पहले वह प्रतापगढ़ स्थित गांव चला गया था। दो दिन से महिला के कॉल न रिसीव करने पर उसने शनिवार को दोस्त को भेजा। दोस्त को फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस, विंडो एसी हटाकर कमरे में गई तो कनिका का शव बेड पर पड़ा था और मुंह से झाग निकल रहा था। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ कि कनिका की मौत सिर पर चोट लगने से हुई थी। डाक्टरों ने बिसरा और हार्ट जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के बाद से महिला के दोस्त का मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा है। उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। युवक से पूछताछ कर यह पता चलेगा कि महिला क्या काम करती थीं। मौत होने का क्या कारण था।