लखनऊ। इंदिरानगर निवासी 34 वर्षीय महिला ने बृहस्पतिवार शाम मकान की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसकी बुआ व फूफा ने परिवार के एक युवक से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया था। इससे आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया।
मूल रूप से सीतापुर के रेउसा की महिला, पति व दो बेटों के साथ इंदिरानगर में किराये पर रहती थी। वह घरों में खाना बनाती थी, जबकि पति मजदूरी करता है। महिला की बुआ व फूफा कुछ दूरी पर रहते हैं। पति के मुताबिक कुछ समय पहले दोनों ने उनकी पत्नी पर परिवार के युवक से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया। बृहस्पतिवार शाम वह बुआ के घर इस पर बात करने गई।
आधे घंटे बाद लौटते समय रास्ते में पति मिल गए। महिला ने रोते हुए झूठे आरोप के बारे में बताया। इसके बाद घर पहुंची और तीसरी मंजिल से कूद गई। गिरने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे। पति व मोहल्ले वाले महिला को लोहिया अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पति ने पत्नी की बुआ व फूफा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर इंदिरानगर सुनील कुमार तिवारी का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।