लखनऊ। लखनऊ विवि के छात्रावासों में अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर आए दिन हो रहे धरना-प्रदर्शनोें ने विवि प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। मंगलवार को कैलाश छात्रावास की छात्राओं के प्रदर्शन के बाद बुधवार को कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने चंद्रशेखर आजाद गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर की आवासीय व्यवस्थाओं, खानपान की गुणवत्ता, स्वच्छता और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम की ओर से निर्माणाधीन आठ नए कमरों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की जिनका काम पिछले 16 साल में भी पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने कई समस्याएं बताईं। पानी की गुणवत्ता को लेकर कुलपति से असंतुष्टि व्यक्त की। कुलपति ने तत्काल पानी का टीडीएस जांचा, जो 376 आया। उन्होंने आरओ सर्विस सेंटर को इसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। वहीं यहां लंबे समय से निर्माणाधीन आठ नए कमरों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। जानकारी के मुताबिक, इन कमरों का ढांचा तो 2010-11 में ही तैयार हो गया था लेकिन छत में कुछ कमियां रह गई थीं। जांच के बाद इसे रोक दिया गया था। इस पर कुलपति ने निर्माण निगम को तय मानकों के साथ जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान विश्वविद्यालय निर्माण विभाग के अधीक्षक प्रो. विनीत वर्मा और प्रोवोस्ट प्रो. अलका मिश्रा भी मौजूद रहीं।
मेस और जिम सुविधाओं का जायजा
कुलपति ने छात्रावास के मेस और किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टोर रूम में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांची और पौष्टिक आहार बनाने के निर्देश दिए। बर्तन धोने के स्थान पर पानी का प्रेशर कम होने पर निर्माण विभाग को मोटर लगाने का आदेश दिया गया। इसके बाद उन्होंने छात्रावास स्थित जिम का अवलोकन किया। जिम में स्थापित ट्रेडमिल व फिटनेस उपकरणों की कार्यप्रणाली भी परखी गई।