जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को हाईवे पर राज्यमंत्री एवं सोनभद्र के ओबरा से विधायक संजीव कुमार गौड़ के काफिले में चल रही गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि गाड़ी पर सवार दो सरकारी गनर समेत चार लोग बाल-बाल बच गए। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में दूसरी गाड़ी पर लोगों को बैठाकर राज्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
प्रदेश के राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ बुधवार शाम करीब छह बजे लखनऊ जा रहे थे। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे को फोरलेन बनाने का कार्य चल रहा है। हाईवे पर जिंगना गांव के पास विधायक के पीछे चल रही गाड़ी का पहिया मिट्टी में पड़ने के चलते फिसल गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे खड्ड में पलट गई। हादसा देख फोरलेन का कार्य कर रहे श्रमिक पहुंचे और गाड़ी सवार लोगों को बाहर निकाला।
इसमें लखनऊ निवासी चालक अनिल कुमार और दो सरकारी गनर अमित, नीतीश के अलावा पंकज बाल-बाल बच गए। विधायक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने बताया कि गाड़ी सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। थाना प्रभारी बबिता पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।