लखनऊ। सहालग का सीजन नजदीक आ गया है। मेजबानों ने मेहमानों के स्वागत की तैयार कर ली है। हालांकि इस बार मेहमानों के स्वागत-सत्कार पर महंगाई का असर पड़ा है। खाद्य पदार्थों, बर्तन, गेस्ट हाउस की बुकिंग और कैटर्स के दाम बढ़ने से मेजबानों की जेब का गणित बिगड़ रहा है।
पिछले साल की तुलना में इस वर्ष टेंट और सजावट के सामान के दाम 20 से 25 फीसदी तक बढ़ गए हैं। टेंट, कैटर्स एंड डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि परिवहन भाड़ा, डीजल-पेट्रोल और सजावट के कच्चे माल के दामों में बढ़ोतरी से आयोजनों पर महंगाई का असर पड़ेगा। बताया कि पहले जिस शादी में टेंट, खाना और सजावट पर पांच लाख रुपये का खर्च आता था अब छह से सवा छह लाख रुपये आएगा।
1500 में पड़ेगी 1200 वाली थाली
आटा-दाल, चावल, मैदा, तेल, रिफाइंड और घी की कीमतें 20 फीसद तक बढ़ गई हैं। गैस के दाम भी बढ़े हैं। इसका असर कैटरिंग के काम पर पड़ा है। रिचीरिच इवेंट के मनोज पचानी ने बताया कि जिन कामों की एडवांस बुकिंग है वे पुराने दामों पर किए जाएंगे। इसमें उन्हें कोई लाभ नहीं मिलेगा। कैटर्स और इवेंट की नई बुकिंग बढ़ी कीमतों के आधार पर ली जा रही है। बताया कि बरात में खाने की जो थाली पहले 1200 रुपये की पड़ती थी अब वह 1500 रुपये की हो जाएगी। नाश्ते की प्लेट भी पहले की तुलना में महंगी होगी।