जीरो पाॅइंट के पास बाग में पलटा पड़ा ट्रक।
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम रेवरी टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भाग रहा सीमेंट से लदा ट्रक जीरो प्वाइंट के पास ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे आम के बाग में जा गिरा। ट्रक का चालक व क्लीनर केबिन में फंस गए और घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह दोनों को निकाला और लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है।
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के अनुसार आगरा की ओर सीमेंट लदा ट्रक काकोरी स्थित रेवरी टोल प्लाजा पर टोल बैरियर तोड़कर भागने लगा। तेज रफ्तार में जीरो प्वाइंट पर एक्सप्रेस वे से उतरते समय मोड़ पर माइल स्टोन 302 के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे बाग में गिरकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर उसमें फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भिजवाया। घायल चालक की पहचान मथुरा के थाना बाजना क्षेत्र के विजयगढ़ी निवासी करन वीर के रूप में हुई है, जबकि क्लीनर अलीगढ़ के खंडहा पप्पल गांव निवासी राहुल बताया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चालक करन वीर की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस व टोलकर्मी कर रहे थे पीछा
एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे ट्रक चालक ने टोल बैरियर तोड़ दिया था। इसके बाद यूपीडा ने डायल 112 पर सूचना दी थी। ट्रक का पीछा किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे गिर गया।