लखनऊ। चारबाग स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के लिए ट्रेनों की शिफ्टिंग की गई है। बदलाव के बावजूद रेलवे ट्रेनों के संचालन की सही व सटीक जानकारी नहीं दे रहा, जिससे यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं। रेलवे हेल्पलाइन, एप व मेसेज से अलग-अलग जानकारियां मिलने से यात्री परेशान हैं।
ताजा मामला लखनऊ से मुंबई जाने वाली गाड़ी संख्या 22122 लखनऊ एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का है। चारबाग स्टेशन से चलने वाली इस स्टेशन को मरम्मत कार्य के कारण लखनऊ जंक्शन पर शिफ्ट किया गया है। महिला यात्री बीनू द्विवेदी ने बताया कि लखनऊ से झांसी जाने के लिए थर्ड एसी बोगी बी-2 में सीट संख्या 51, 52 व 53 पर उनका आरक्षण था। ट्रेन संचालन की जानकारी के लिए 139 हेल्पलाइन पर कॉल किया तो चारबाग स्टेशन से ही ट्रेन के रवाना होने की सूचना मिली। रेलवे एप पर चेक किया तो संचालन मानकनगर स्टेशन से होने की सूचना मिली। जब रेलवे को पीएनआर मेसेज कर जानकारी ली तो ट्रेन लखनऊ जंक्शन से चलने की बात बताई गई। रविवार को एहतियातन वह पहले ही निकलीं। मानकनगर पहुंचने पर पता चला ट्रेन जंक्शन से चलेगी। भागते हुए जंक्शन पहुंची जहां से ट्रेन शाम पौने छह बजे की जगह एक घंटे देरी से रवाना हुई।
ट्रेन मानकनगर में, एप बता रहे कानपुर
लखनऊ-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को लेकर हैरानी की बात यह रही कि ट्रेन शाम साढ़े सात बजे तक मानकनगर स्टेशन पर खड़ी रही, लेकिन रेलवे एप लोकेशन कानपुर का बताता रहा। सूत्र बताते हैं कि चूंकि ट्रेन देरी से संचालित हुई, इसलिए पंक्चुअलिटी मेंटेन करने के लिए एप पर गलत फीडिंग की जाती रही।
रोजाना परेशान हो रहे यात्री, छूट रहीं ट्रेनें
चारबाग स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के लिए 25 ट्रेनें दूसरे स्टेशनों से चलाई जा रही हैं। 60 से ज्यादा के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं। सही व सटीक सूचना नहीं मिलने से रोजाना सैकड़ों यात्री परेशान हो रहे हैं। कई की ट्रेनें भी छूट रही हैं।