लखनऊ। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी के मंदिरों से लेकर जगह-जगह बजरंग बली के जयकारे गूंजेंगे। मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन होगा। मंदिरों में भंडारों के साथ ही भक्तों की ओर से पूरे शहर में सैकड़ों भंडारों का आयोजन होगा जहां सुबह से शाम तक अलग-अलग मेन्यू के हिसाब से प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में भव्य शृंगार के साथ ही सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा। दिनभर भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर गुंजायमान रहेंगे। प्लास्टिक रहित भंडारों को प्रोत्साहित करने के लिए कई स्वयंसेवी संस्थाएं पत्तल और दोने का वितरण करेंगी। इसके साथ ही हरित भंडारोें के आयोजन के लिए लोगों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। मंगलमान अभियान के तहत ऐसे भंडारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जहां प्लास्टिक का उपयोग न किया जाए और गंदगी की सफाई के लिए डस्टबिन व सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। हनुमान सेतु स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर, लेटे हनुमान जी मंदिर, अलीगंज स्थित पुराने हनुमान मंदिर, कैसरबाग के हनुमंत धाम, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर और अलीगंज स्थित नए हनुमान मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में सोमवार देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा। वहीं शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों और सोसायटीज में भी भंडारों के लिए टेंट सज गए। कहीं सुबह से तो कहीं दोपहर बाद से प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।