लखनऊ। सोशल मीडिया पर लखनऊ विवि की कैंटीन की आ रही शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सुभाष छात्रावास की कैंटीन की जांच की तो लाइसेंस नहीं मिला। टीम ने कैंटीन से सरसों का तेल, बेसन, तैयार दाल, धनिया पाउडर का नमूना भरा। विवि के न्यू कैंपस में डॉ. बीआर अंबेडकर विधि महिला हाॅस्टल से भी नमूने लिए गए। टीम ने लाइसेंस मिलने के बाद ही कैंटीन शुरू करने के निर्देश दिए।
खाद्य विभाग की दूसरी टीम ने कैलाशपुरी छोटा बरहा संकट मोचन वाली गली के पास सोनू शर्मा बूंदी ट्रेडर्स में छापा मारा। यहां व्यापारी लाइसेंस नहीं दिखा सके। टीम ने घुने चने की दाल से बेसन, उसी बेसन से बूंदी बनाते पकड़ा। यहां से बूंदी, चने की दाल, बेसन, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और मैदा सहित कुल छह नमूने लिए। 2 क्विंटल बूंदी, 118 किग्रा चने की दाल, दो क्विंटल बेसन, 60 लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 15 किग्रा मैदा जब्त किया।