लखनऊ। गोवा में 9 से 26 जुलाई तक होने वाली अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सीजन में उत्तर प्रदेश की गुरु-शिष्य की जोड़ी आकर्षण का केंद्र बनेगी। लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय पैडलर दिव्यांश श्रीवास्तव और पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी व अनुभवी कोच पराग अग्रवाल डेंपो गोवा चैलेंजर्स का हिस्सा होंगे। दोनों का चयन प्रदेश के टेबल टेनिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। डेंपो गोवा चैलेंजर्स ने विदेशी खिलाड़ियों के रूप में स्पेन के अल्वारो रोबल्स और रोमानिया की बर्नाडेट स्जोक्स को टीम में शामिल किया है। भारतीय खिलाड़ियों में तमिलनाडु के पीबी अभिनंध और पश्चिम बंगाल की सिंड्रेला दास भी टीम का हिस्सा हैं।
दिव्यांश से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
20 वर्षीय दिव्यांश पिछले सीजन में अहमदाबाद की ओर से खेले थे, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। इस बार उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। टीम में उनके गुरु पराग अग्रवाल की मौजूदगी उन्हें मानसिक मजबूती और रणनीतिक मार्गदर्शन देगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके दिव्यांश की नजर अब भारतीय सीनियर टीम में स्थायी जगह बनाने पर है, जिसमें यूटीटी का प्रदर्शन अहम भूमिका निभा सकता है।
युवा पैडलर तैयार कर रहे कोच पराग
लखनऊ की पैसिफिक टेबल टेनिस अकादमी में युवा खिलाड़ियों को तैयार कर रहे पराग अग्रवाल देश के प्रतिष्ठित कोचों में शामिल हैं। वे भारतीय सीनियर और जूनियर टीम के कोच भी रह चुके हैं। यूटीटी में यह उनका पांचवां सत्र होगा।
पिछले तीन वर्षों से वह गोवा टीम के साथ जुड़े हैं। उनके पहले ही सीजन में टीम ने खिताब जीता था, जबकि पिछले संस्करण में डेंपो गोवा ने लीग में तीसरा स्थान हासिल किया था।
Iयूटीटी जैसे बड़े मंच पर प्रदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी राज्य के टेबल टेनिस के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दिव्यांश और पराग की मौजूदगी अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली टेबल टेनिस की इस लीग से भारतीय पैडलरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने में खासी मदद मिली है।I - अरुण बनर्जी, सचिव, यूपी टेबल टेनिस एसोसिएशन
कोच पराग अग्रवाल