मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से मोदीनगर गाजियाबाद में स्थापित आईनॉक्स के नए ऑक्सीजन प्लांट का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। यह इकाई 150 मीट्रिक टन प्रतिदिन लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन करेगी। यह प्रदेश की सबसे बड़ी ऑक्सीजन उत्पादन करने वाली इकाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान प्रदेश सहित पूरे देश में ऑक्सीजन की मांग बढ़ी है। कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन की ज्यादा जरूरत होती है। डिमाण्ड के अनुरूप सप्लाई प्रदेश सरकार के लिए एक चुनौती थी। प्लाण्ट के शुभारम्भ होने से इस चुनौती को पार पाने में सफलता मिलेगी। आज आवश्यकता है कि हमारे पास ऑक्सीजन का 72 घंटे का बैकअप हो।
आईनॉक्स के नए ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने से न सिर्फ यूपी इण्डस्ट्रियल एवं मेडिकल आक्सीजन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा बल्कि यूपी और उतर भारत के राज्यों को अब लिक्विड ऑक्सीजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रदेश के विकास व युवाओं के लिए रोजगार का एक माध्यम तो है ही, साथ ही यह देश और दुनिया के सामने प्रदेश की छवि को बेहतर करने का भी एक माध्यम है।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी. अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई व सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव पशुपालन भुवनेश कुमार, प्रमुख सचिव नगर विकास दीपक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य आलोक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, राहत आयुक्त संजय गोयल व सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।