राज्य मानवाधिकार आयोग ने नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया है।
विवेकखंड गोमतीनगर में महामना मालवीय इंटर कॉलेज के सामने स्पीड ब्रेकर तोड़ दिए जाने के प्रकरण में आयोग ने यह कार्रवाई की है।
आयोग में विवेकखंड-1 के स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि 200 मीटर में यहां तीन स्कूल हैं। इसकी वजह से हैवी ट्रैफिक बना रहता है।
सात फरवरी को ही एक बाइक सवार को यहां तेजी से आ रहे दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एलडीए ने पूर्व में यहां स्पीड ब्रेकर बनाया था।
मानवाधिकार आयोग ने स्कूल और अस्पताल के सामने व पास के स्पीड ब्रेकर छोड़कर अन्य ब्रेकर तोड़ने का आदेश किया था। ऐसे में वाहनों की स्पीड नियंत्रित रखने के लिए स्पीड ब्रेकर दोबारा बनाया जाना आवश्यक है।
आयोग के सदस्य ओपी दीक्षित का कहना है कि नगर आयुक्त ने आदेश का अनुपालन सुनिश्चित नहीं कराया है।
पूर्व में भी किए गए आदेश पर उचित कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में नगर आयुक्त अब खुद व्यक्तिगत रूप से एक मार्च को दोपहर दो बजे मौजूद रहकर स्पष्ट जवाब दें।