लखनऊ। जनशिकायतों के निपटारे के लिए शनिवार को तहसीलों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 657 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 111 का निस्तारण मौके पर ही करा दिया गया। सबसे ज्यादा 185 शिकायतें मोहनलालगंज तहसील में आईं। वहीं, मलिहाबाद में लगे शिविर में डीएम भी पहुंचे।
मलिहाबाद तहसील
समाधान दिवस पर जिलाधिकारी विशाख जी शनिवार दोपहर 12 बजे ग्राम पंचायत भदेसर मऊ में लोगों की समस्याएं जानने पहुंचे। ग्राम प्रधान विजय लक्ष्मी ने डीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत के महत्वपूर्ण अभिलेख सचिव ने गायब कर दिए हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। डीएम ने तत्काल डीपीआरओ को मौके पर भेजकर जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
रसूलपुर की ग्राम प्रधान ने गांव के सोहनलाल पर सुरक्षित भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। डीएम ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को मामले को निस्तारित करने का आदेश दिया। सुनवाई के दौरान डीएम के साथ एसडीएम मलिहाबाद अंकित कुमार, तहसीलदार विकास सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मोहनलालगंज तहसील
मोहनलालगंज के रामदासपुर गांव के प्रधान रामकुमार पांडेय ने एसडीएम से सरकारी जमीन पर प्रॉपर्टी डीलरों के कब्जे की शिकायत की। अहमदपुर खालसा गांव के किसान ने बताया कि उन्होंने साहू प्लाटिंग कंपनी को जमीन नहीं बेंची तो कंपनी के गुर्गों ने खेत में पानी भर दिया। इससे गेंहू की फसल बर्बाद हो गई। एसडीएम ने दोनों मामलों में नायब तहसीलदार को कार्रवाई करने के लिए कहा है। यहां आए 185 मामलों में से कुल 23 का मौके पर निस्तारण किया गया।
सरोजनीनगर तहसील
सरोजनीनगर तहसील कार्यालय में एडीएम ट्रांसगोमती की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नीवां गांव की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। यहां पिछड़ी जाति के 40 व्यक्ति आवासीय पट्टे के पात्र हैं। मंडलायुक्त ने पात्र लोगों को पट्टा देने का आदेश भी दिया था, लेकिन प्रशासन न अवैध कब्जा हटवा रहा है न पात्र लोगों को पट्टा दिलवा रहा है। यहां कुल 129 शिकायतें आईं जिनमें से 12 मौके पर ही निस्तारित कर दी गईं।
तहसीलवार इतनी आईं शिकायतें
तहसील शिकायतें निस्तारित
मलिहाबाद 136 32
सरोजनीनगर 129 12
मोहनलालगंज 185 23
सदर 57 15
बीकेटी 150 29