लखनऊ। सरोजनीनगर विकास खंड स्थित हसनपुर खेवली पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को स्कूल चलो अभियान पर विशेष कार्यक्रम हुए। वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ की ओर से हुए अभियान के शुभारंभ का सजीव प्रसारण राजधानी के सरकारी विद्यालयों में किया गया। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल वैन को हरी झंडी दिखाई गई और साक्षरता दर बढ़ाने के लिए ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान हुए आयोजन में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वार्षिक परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नए सत्र में नई पुस्तकें दी गईं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के तहत साक्षात्कार और नामांकन दर को शत प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ में शारदा पोर्टल के माध्यम से 5 से 14 वर्ष के बीच ड्रॉपआउट या कभी स्कूल न जाने वाले बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाई गई। वैन के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, स्थानीय जन प्रतिनिधि व शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
भीखमपुर प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को प्रवेश उत्सव एवं परीक्षाफल वितरण समारोह हुआ। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रोली शुक्ला ने बताया कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष मितुल रस्तोगी, अनीता व अन्य मौजूद रहे।
मेधावियों का हुआ सम्मान।
मेधावियों का हुआ सम्मान।