लखनऊ। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने चंद्रिका देवी धाम का आवागमन सुगम बनाने के लिए इटौंजा से कठवारा तक सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस पर अनुमानित 18.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें यातायात नियमों के भी कार्य कराए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी की ओर से इंटौजा से वाया शिवपुरी होते हुए कठवारा तक सड़क चौड़ीकरण और सड़क सुरक्षा साइनेज लगाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है। हालांकि, प्रस्ताव पर अभी मुहर नहीं लगी है। मगर, सड़क को बनाने के लिए रूट के दोनों तरफ जमीन का अधिग्रहण करने की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, प्रत्येक अमावस्या और एकादशी पर चंद्रिका देवी धाम जाने वाले भक्तों की भीड़ उमड़ती है। इससे इटौंजा से वाया शिवपुरी होकर कठवारा जाने वाली सड़क कम पड़ जाती है। इस परेशानी को दूर करने के लिए 12 माह के भीतर सड़क चौड़ीकरण का लक्ष्य तय हुआ है।
अधिशासी अभियंता सतेंद्रनाथ ने बताया कि कार्य प्रस्ताव पर मंजूरी मिलते ही टेंडर निकाल कर सड़क चौड़ीकरण के लिए एजेंसी को तय किया जाएगा।
अर्जुनगंज में सड़क होगी चौड़ी, बेधड़क फर्राटा भरेंगे वाहन
लखनऊ-सुल्तानपुर रोड के अर्जुनगंज में अब करीब दो किमी के दायरे में वाहनों की गति पर ब्रेक नहीं लगेगा। इसके लिए सड़क पर डिवाइडर बनाकर दो लेन में यातायात का आवागमन शुरू होगा। यह सहूलियत सड़क चौड़ीकरण से मिलेगी। पीडब्ल्यूडी करीब 28 करोड़ रुपये खर्च करके अर्जुनगंज और आसपास की सड़क का चौड़ीकरण कार्य करा रहा है, जो 90 फीसदी तक पूरा हो चुका। विभाग की ओर से कराए जा रहे कार्य का सर्वे किया जा रहा है। इससे सुल्तानपुर रोड पर आवागमन और सुगम होगा।