लखनऊ। अमौसी के हड़ाइन खेड़ा स्थित नगर निगम की शूटिंग रेंज को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का सपना फिलहाल कागजों और बदहाल सड़कों के बीच फंसा हुआ है। करीब 150 करोड़ रुपये के इस मेगा प्रोजेक्ट की शुरुआत सड़क निर्माण से होनी थी, लेकिन नगर निगम के इंजीनियरों की मनमानी और टेंडर के खेल ने ढाई महीने से काम रोक रखा है।
4 महीने में बननी थी सड़क, ढाई महीने परीक्षण में बीते
शूटिंग रेंज तक जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए करीब 4 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। नवंबर में टेंडर निकाला गया और 3 दिसंबर को निविदाएं भी पड़ गईं। नियमतः यह काम 4 महीने में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन ढाई महीने बीत जाने के बाद भी टेंडर फाइनल नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों को धूल और गड्ढों वाली बदहाल सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
खास लोगों को लाभ पहुंचाने की रणनीति
सूत्रों का दावा है कि टेंडर को जानबूझकर अधर में लटकाया गया है ताकि कुछ चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा सके। चर्चा यह भी है कि वर्तमान निविदाओं को निरस्त कर दोबारा टेंडर जारी करने की तैयारी है, जिससे सरकारी धन और समय दोनों की बर्बादी तय है।
जिम्मेदारों की चुप्पी
जब इस देरी के बारे में नगर निगम के जोनल अभियंता राजीव शर्मा से पूछा गया, तो उन्होंने केवल इतना कहा कि टेंडर का परीक्षण चल रहा है। हालांकि, जब उनसे सवाल किया गया कि महज परीक्षण में दो महीने से ज्यादा का समय क्यों लग रहा है, तो उन्होंने चुप्पी साध ली और सिर्फ जल्द काम शुरू होने का आश्वासन दिया।
शूटिंग रेंज की बदहाल सड़क।