अयोध्या। साकेत महाविद्यालय के वार्षिक सांस्कृतिक समारोह साकेतोत्सव कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का छात्राओं ने गणेश वंदना पर आधारित भावपूर्ण नृत्य से पूरे परिसर को भक्ति भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
इसके बाद प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य ने दर्शकों का विशेष आकर्षण केंद्र बनाया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक संगीत की धुन पर थिरकते कलाकारों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी।
कार्यक्रम में चार युग चार गाथाएं विषय पर प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने भारतीय संस्कृति और इतिहास की सुंदर झलक प्रस्तुत करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं सम्राट अशोक के जीवन पर आधारित नाटक ने करुणा और मानवता का संदेश देते हुए गहरी छाप छोड़ी। रानी पद्मावती का जौहर पर आधारित नाट्य मंचन को भी दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।
इसके अलावा एकल नृत्य, समूह नृत्य और नृत्य-नाटिकाओं की विविध प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को बांधे रखा और भरपूर मनोरंजन किया। समग्र रूप से यह सांस्कृतिक आयोजन सफल रहा, जिसने कला, संस्कृति और इतिहास के विविध आयामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।