गुडंबा। जानकीपुरम की नहर रोड स्थित लोटस सिटी के पास मंगलवार को झाड़ियों में मिले निजी चालक दीपक कश्यप (40) की गला दबाकर हत्या की गई थी। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। उनके सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को बड़े भाई रामू कश्यप के सबोली स्थित घर ले जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने परिजन पर अंतिम संस्कार का दबाव बनाया तो उन्होंने सीतापुर रोड योजना के ई-पॉकेट स्थित एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर के पास हंगामा किया। पुलिस के मना करने के बावजूद परिजन शव ले जाने की जिद पर अड़ गए। सूचना पर एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा, मड़ियांव इंस्पेक्टर आलोक राव और जानकीपुरम इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद देर शाम विकासनगर स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराया गया।
इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी का कहना है कि अभी उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में मृतक के सास-ससुर से पूछताछ की गई है। वहीं, मृतक की पत्नी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। उनका कहना है कि अभी परिजन की ओर से कोई तहरीर भी नहीं मिली है।
यह था मामला
मूलरूप से सीतापुर के महमूदाबाद निवासी दीपक जानकीपुरम इलाके में रहते थे। मंगलवार सुबह उनका शव नहर रोड स्थित लोटस सिटी के पास झाड़ियों में पड़ा मिला था। उनके गले पर उंगलियों के निशान और गर्दन पर किसी नुकीले हथियार से किए गए गहरे घाव मिले थे। सिर पर भी चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजन ने दीपक की पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने का आरोप लगाया था। परिजन का आरोप है कि दीपक बेटी की गुमशुदगी की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। उन्होंने पत्नी, ससुर और एक अन्य व्यक्ति पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।