लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व विधायक भोला नाथ पांडेय की बेटी से अभद्रता और कार तोड़ने के आरोपी अभी तक गुडंबा पुलिस की पहुंच से दूर हैं। पुलिस अब फुटेज खंगालने का दावा कर रही है।
बलिया की द्वाबा (अब बैरिया) विधानसभा सीट से दो बार कांग्रेस से विधायक रहे भोला नाथ पांडेय की बेटी विनीता पांडेय जानकीपुरम के सहारा स्टेट में रहती हैं। विनीता शनिवार रात पति नूरुल हक उर्फ अर्नव के साथ कार से लौट रही थीं। जानकीपुरम सेक्टर एच स्थित निजी स्कूल के पास उनकी कार से स्कूटी में पीछे से टक्कर लग गई थी। स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए थे। ईशान, अरविंद, अंकुर व संजय ने स्कूटी से ओवरटेक कर उनकी कार रुकवाकर अभद्रता की थी। विरोध पर पथराव कर कार के शीशे तोड़ दिए थे। पुलिस ने चार नामजद एक अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है। अतिरिक्त इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह के मुताबिक आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।