लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल (सीटीपीसी) ने विद्यार्थियों की रोजगार की राह आसान की है। आंकड़े बताते हैं कि यहां के छात्र-छात्राओं को कई बड़ी कंपनियों में नौकरी का अवसर मिला है।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 से यहां के विद्यार्थियों को मिलने वाला औसत पैकेज 4.23 लाख से 5.30 लाख रुपये सालाना हो गया है। अभी तक 12 लाख रुपये का सर्वाधिक पैकेज मिला है। प्लेसमेंट में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (पुणे), अपग्रेड, पीएसआईटी कानपुर, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आकाश बायजूस, प्लेनेटस्पार्क, जेनपैक्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंटेलीपाट, इंटरनसएलीट एजुटेक प्रा.लि. और टीचनूक ने शिरकत की। अब इससे अधिक पैकेज वाली कंपनियों पर भी फोकस होगा।
वहीं, नौकरी पाने वाले कुल विद्यार्थियों में से 45% सामान्य वर्ग से, 28% अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग से और 19% अन्य पिछड़ा वर्ग से थे। वर्ष 2023-24 में प्लेसमेंट पाने वालों में सामान्य वर्ग के 49%, एससी/एसटी के 33% और ओबीसी के 20% विद्यार्थी रहे। सत्र 2024-25 में सामान्य वर्ग से 46%, एससी/एसटी से 31% और ओबीसी से 23% विद्यार्थियों को नौकरी मिली। कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने बताया कि सत्र 2025-26 में अधिक पैकेज वाली कंपनियां विवि से जुड़ें, इस पर सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने काम शुरू कर दिया है।
कौशल-आधारित इंटर्नशिप से होगा सुधार
सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल बीबीएयू के समन्वयक प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए प्लेसमेंट गतिविधियां जोरों पर हैं। इस दिशा में प्रो. राज कुमार मित्तल ने भी प्लेसमेंट टीम के साथ बैठकें की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्लेसमेंट को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए हैं। इसमें कौशल-आधारित इंटर्नशिप को कॉर्पोरेट एक्सपोजर का प्रभावी माध्यम बताया गया है।