इकौना (श्रावस्ती)। राप्ती नदी किनारे स्थित खेत देखने गया वृद्ध रविवार शाम से लापता है। परिजनों की ओर से इकौना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाया है।
इकौना थाना क्षेत्र के सेमरी तरहर चौकी अंतर्गत ग्राम मनोहरापुर के मजरा बढ़ई पुरवा निवासी राजितराम (74) रविवार शाम गांव के दक्षिण स्थित अपना खेत देखने गया था। जहां से वह वापस नहीं लौटा। तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। ऐसे में वृद्ध के पुत्र रक्षा राम यादव ने मंगलवार इकौना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपने पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
वहीं मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस को मौजूद चरवाहों ने बताया कि राजितराम रविवार देर शाम शौच के लिए राप्ती नदी किनारे गया था। संभव है कि वह नदी में ही डूब गया है। इसकी जानकारी के बाद पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को तलाश करने के लिए मौके पर बुलाया है। समाचार लिखे जाने तक टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।
पुत्र ने मां को पीटा
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम भिठिया चिचड़ी के मजरा चिचड़ी निवासी नीरज ने सोमवार देर शाम किसी बात को लेकर अपनी मां मालती देवी की पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल बहराइच ले जाया गया। थानाध्यक्ष सोनवा अखिलेश पांडेय ने बताया कि मालती देवी की तहरीर पर नीरज के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)