लखनऊ। बालागंज वार्ड में करीब 20 दिन पहले लापरवाही से बनाई गई सड़क लोगों की परेशानी का सबब बन गई है। सड़क बनाते समय सीवर चैंबर ढंक दिए गए हैं। ऐसे में सीवरलाइन चोक होने के बाद सफाई नहीं हो पा रही है और सीवर लोगों के घरों में उफना रहा है।
पूर्व पार्षद पंकज पटेल ने बताया कि करीब 20 दिन पहले ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने वार्ड में गोशाला रोड का निर्माण किया था। सड़क बनाते समय सीवर के सारे मैनहोल बंद कर दिए गए। अब एक सप्ताह से चोक सीवर के कारण इलाके के लोग परेशान हैं। इसको लेकर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से कई बार कहा गया, मगर अधिकारी सुन नहीं रहे। अब चैंबर खोलने पर फिर नई सड़क खराब होगी। विभाग से मांग है कि वह चैंबर खोले और उनका लेबल सड़क के बराबर करे, ताकि समस्या दूर हो सके।