लखनऊ। इंदिरानगर में बाल विहार कॉलोनी निवासी शिक्षिका शिप्रा सिंह के घर में हुई 80 लाख की चोरी के मामले में पुलिस की शक की सुई पीड़िता की महिला परिचित पर घूम गई है। पुलिस ने परिचित को पूछताछ के लिए बुलाया है।
इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि पीड़िता के मेन गेट और बाहर के कमरों के ताले नहीं तोड़े गए हैं। सिर्फ अंदर के ही तीन कमरों के ताले टूटे हैं। ऐसे में आशंका है कि चोरी की वारदात किसी परिचित ने ही अंजाम दी होगी। फिलहाल घटना किस दिन घटी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
सीसीटीवी कैमरों की थी जानकारी
इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपियों को इसकी भी जानकारी थी कि आस-पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे शिक्षिका के घर तक के क्षेत्र को कवर नहीं करते हैं। वे पीड़िता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में न दिखें, इसलिए डीवीआर उखाड़ कर ले गए हैं। फिलहाल पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दूसरी टीम पीड़िता के परिचित से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
ये है मामला
शिप्रा सिंह 26 फरवरी को हैदराबाद बड़ी बहन के घर गई थीं। शुक्रवार दोपहर महिला परिचित ने उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी दी थी। पीड़िता के घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि चोरों ने उनकी मां के 80 लाख के पुश्तैनी जेवर चोरी कर लिए थे।