लखनऊ। शहर में हरियाली बढ़ाने एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम कुर्सी सड़क स्थित बसहा में अत्याधुनिक इको हाईटेक नर्सरी विकसित कर रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि को नर्सरी परिसर में 95 फीसदी हरित क्षेत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तालाब के पुनरुद्धार, भव्य प्रवेशद्वार और एक विशेष बिक्री काउंटर बनाने को भी कहा। काउंटर से नगर निगम के सीएनडी वेस्ट प्लांट से बने गमले व अन्य उत्पादों की बिक्री होगी। करीब 1.2 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रही यह नर्सरी प्रदेश की सबसे आधुनिक नर्सरियों में शामिल होगी। यहां आधुनिक तकनीक से प्रतिमाह 1.5 से 2 लाख पौधों का उत्पादन होगा। नर्सरी संचालन के लिए 20 किलोवाट का ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित हो रहा है।
इसके अलावा अकबरनगर स्थित शक्ति वन का भी दौरा किया। उन्होंने वहां व्यापक हरियाली विकसित करने के निर्देश दिए। कुकरैल नदी किनारे मिट्टी कटाव रोकने को रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए गए। शक्ति वन में प्रस्तावित एम्फीथिएटर निर्माण में तेजी लाने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए