मृतक अजय यादव व मौजूद पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर के कूरेभार के जूड़ापट्टी गांव में भूमि विवाद में रविवार को पिता व बड़े भाई की हत्या करने के आरोपी ने मंगलवार शाम घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली। कनपटी पर पिस्टल सटाकर आरोपी ने गोली चला दी। पुलिस उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जूड़ापट्टी सहरी गांव में भूमि विवाद में गांव निवासी अजय यादव ने अपने पिता काशीराम यादव व बड़े भाई सत्यप्रकाश यादव की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह भाग निकला था।
पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच जूड़ा पट्टी सहरी गांव में मंगलवार शाम अजय यादव के घर से ग्रामीणों ने गोली की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जब ग्रामीण उसके दरवाजे पर पहुंचे तो दरवाजे पर ही अजय यादव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था। बगल में पिस्टल पड़ी थी।
जानकारी मिलने पर पहुंची कूरेभार पुलिस उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक अजय यादव ने खुद ही कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी है। घटना के समय पुलिस गांव में ही मौजूद थी।