लखनऊ। अलीगंज के राम-राम बैंक चौराहे पर एक मॉल प्रबंधन के ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त अंडरग्राउंड विद्युत लाइन को दुरुस्त करने के नाम पर बिना नगर निगम की अनुमति के करीब 20 फीट गहरी खोदाई कर दी। इसके बाद गड्ढे को मिट्टी से ढककर ठेकेदार मौके से चला गया। अब मुख्य मार्ग पर मिट्टी के ढेर और बिखरी मिट्टी के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार की इस लापरवाही को हादसे को दावत देने वाला बताया है।
इस संबंध में महानगर के अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि मॉल की अंडरग्राउंड विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसे मॉल प्रबंधन ने ठेकेदार से ठीक कराया है। फॉल्ट और सड़क खोदाई से बिजली विभाग का सीधा संबंध नहीं है। वहीं, नगर निगम की अवर अभियंता नीतू वर्मा ने बताया कि मॉल प्रबंधन व ठेकेदार ने बिना अनुमति के सड़क की खोदाई कराई है। इस मामले में संबंधित मॉल प्रबंधन के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है।