हादसे के बाद क्षतिग्रस्त लोडर।
- फोटो : हादसे के बाद क्षतिग्रस्त लोडर।
सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में बुधवार देर रात कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार लोडर सड़क किनारे खड़े अज्ञात माल वाहक से टकरा गया। हादसे में लोडर चालक सीतापुर के बिसवां ब्राह्मणी टोला निवासी चालक पंकज गुप्ता (27) व उनके चचेरे भाई बिसवां के शंकरगंज निवासी दीपू गुप्ता (24) की मौत हो गई। हादसे के बाद माल वाहक वाहन लेकर उसका चालक भाग निकला।
एडिशनल इंस्पेक्टर बंथरा बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पंकज चचेरे भाई दीपू के साथ कानपुर से मोहर्रम का सामान लेकर लोडर से बुधवार रात सीतापुर के बिसवां जा रहे थे। रात करीब एक बजे बंथरा में कानपुर हाईवे पर सरोज पाइप कंपनी के सामने पेट्रोल पंप के पास खड़े अज्ञात माल वाहक वाहन में तेज रफ्तार लोडर जा घुसा। हादसे में पंकज व दीपू दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर बंथरा पुलिस और सरोजनीनगर फायर स्टेशन से एफएसओ सुमित प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
केबिन काटकर दोनों को निकाला गया
दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि लोडर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पंकज व दीपू उसमे फंस गए। दमकल कर्मियों ने केबिन काटकर दोनों को घायल अवस्था में बाहर निकला। पुलिस ने दोनों को सरोजनीनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बंथरा पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से माल वाहक वाहन के बारे में पता लगा रही है।
मौत की सूचना से बिलख पड़े परिजन
हादसे में पंकज व दीपू की मौत की खबर जब देर रात उनके घर पहुंची तो दोनों के घर में कोहराम मच गया। पंकज के परिवार में पिता प्रदीप और भाई विकास व रोहित हैं। रोहित ने बताया कि मां लल्ली देवी की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। वहीं दीपू के परिवार में पिता, पत्नी पूजा और तीन बच्चे हैं।