लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार को तल्ख धूप ने परेशान किया। दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चली। रात के पारे में 2.5 डिग्री का उछाल आया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 28 मार्च से पछुआ की रफ्तार और तेज होगी। तात्कालिक तौर पर तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और तपिश भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। अप्रैल की शुरुआत फिर चढ़ते हुए पारे के साथ होगी।
बृहस्पतिवार को दिन का तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस के उछाल के साथ 39.7 डिग्री रहा। रात का पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस के उछाल के साथ 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पछुआ से बेहतर हुई हवा
राजधानी में बृहस्पतिवार को हवा की गुणवत्ता थोड़ी बेहतर हुई। औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक पीले यानी मध्यम श्रेणी में रहा। वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से कुकरैल की हवा हरे यानी सेहत के लिए अच्छी श्रेणी में दर्ज की गई। गोमतीनगर, तालकटोरा और लालबाग की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में रही। अलीगंज की हवा सेहत के लिए खराब नारंगी श्रेणी में रही।