फरवरी में होने वाली इन्वेस्टर्स समिट से पहले एयरपोर्ट को चमकाने व सुरक्षा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने की तैयारियां शुरू हो गई है। एयरपोर्ट प्रशासन से लेकर पुलिस, नगर निगम व जिला प्रशासन एयरपोर्ट को नया लुक देने में जुट गए हैं।
लखनऊ में 21 व 22 फरवरी को इन्वेस्टर्स समिट होनी है, जिसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शख्सियत शिरकत करेंगी और वे विमानों से ही लखनऊ आएंगे।
इसके मद्देनजर अमौसी एयरपोर्ट को संवारने पर विशेष फोकस है ताकि राजधानी की बेहतर इमेज उनके सामने पेश की जा सके। इस बाबत एयरपोर्ट निदेशक, डीएम व सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट के साथ बातचीत भी हो चुकी है। साथ ही डेडलाइन भी तय की गई है, जिसके आधार पर कार्यों को गति दी जा रही है।
मसलन, एयरपोर्ट क्षेत्र में पार्किंग सुधारने, बाउंड्रीवाल का काम, एयरपोर्ट परिसर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण, गोल चौराहे का सौंदर्यीकरण, अराइवल व डिपार्चर का मेंटीनेंस, एयरपोर्ट बिल्डिंग का सुंदरीकरण व मरम्मत का काम 10 जनवरी से पहले खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे ही अवैध होर्डिंग्स को हटाने व आवारा पशुओं को एयरपोर्ट परिक्षेत्र से हटाकर पुनर्वास का काम नगर निगम पूरा कर रहा है।
देखें, इन विभागों को भेजा नोटिस
- फोटो : डेमो
वहीं इन्वेस्टर्स समिट को लेकर एलडीए ने भी कमर कस ली है। इसी कड़ी में एलडीए ने विभूतिखंड में बनी सरकारी इमारतों को नोटिस भेजकर इमारतों की साफ-सफाई और नए सिरे से रंगाई-पुताई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण ने करीब 15 सरकारी इमारतों को नोटिस भेजा है।
एलडीए के वीसी प्रभु एन सिंह की तरफ से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शासन के निर्देश पर आयोजन स्थल इंदिरागांधी प्रतिष्ठान और आसपास के भवनों और पब्लिक प्लेस का सौंदर्यीकरण होना है। ऐसे में विभूतिखंड में बने सभी सरकारी भवनों का साफ-सुथरा होना जरूरी है। प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि इसके लिए सर्वे भी एलडीए ने करा लिया है। इससे इन्वेस्टर्स समिट से पहले यह जांच कराई जा सकेगी कि किन विभागों ने अपने यहां काम कराया है।
लोहिया अस्पताल, लोहिया इंस्टीट्यूट, मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, एनटीपीसी, राजकीय निर्माण निगम, सूचना आयोग, समाज कल्याण निर्माण निगम, नियोजन भवन, पिकअप, मंडी परिषद प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा निजी इमारतों को भी समिट के लिए तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
एलडीए ने नगर निगम को विभूतिखंड की सफाई का काम दिया है। इसके लिए अलग से 12 लाख रुपये प्रतिमाह एलडीए देगा। अब नगर निगम सालों से वहां जमा कूड़े के ढेर हटाने और पूरे इलाके को साफ करने का काम कर रहा है। अब तक यहां से करीब 200 ट्रक कूड़ा नगर निगम हटवा चुका है।
नगर निगम ने शुरू किया शहर को संवारने का काम
- फोटो : डेमो
विभूतिखंड की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए कैट्स आई और डैलीवेटर्स लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए एलडीए करीब 33 लाख रुपये खर्च करेगा।
चौराहों का सौंदर्यीकरण शुरू
इन्वेस्टर्स समिट को लेकर नगर निगम शहर में 100 चौराहों का सौंदर्यीकरण कर रहा है, जिसमें उनके रंग-रोगन के अलावा उसमें खूबसूरत पौधे भी लगाए जा रहे हैं। फव्वारे दुरुस्त किए जा रहे हैं और उनकी लाइटिंग की व्यवस्था ठीक की जा रही है।
रंगे स्ट्रीट लाइट के पोल, लगेंगी एलईडी
शहर के मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइट के खंभों को रंगा जाएगा। खासकर उन मार्गों के स्ट्रीट लाइट को संवारा जाएगा, जहां से मेहमानों का आवागमन होगा। इसको लेकर टेंडर भी जारी कर दिया गया है। साथ स्ट्रीट लाइट में सोडियम लाइटों की जगह एलईडी लाइट लगाने का काम भी किया जाएगा।
हटाए जाएंगे अवैध होर्डिंग
इन्वेस्टर्स मीट से पहले शहर की सूरत बिगाड़ रहे अवैध होर्डिंग को हटाने के अभियान में भी तेजी लाई जाएगी। इसको लेकर शहीद पथ पर लगातार कई दिन से अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग हटाई गईं। इसी तरह लोहिया पथ, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास भी अवैध होर्डिंग को हटाया जाएगा।