लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाने के प्रस्तावित निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर इस निर्णय को वापस लेने की अपील की।
शनिवार को संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों की कोर कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में सभी ने विरोध जताया। इस मौके पर संदीप बंसल ने कहा कि जीएसटी परिषद ने हाल ही में व्यापारियों और उद्यमियों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। ऐसे में त्योहारों के मौसम में यूपीआई पर एमडीआर लगाने का फैसला व्यापारियों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला होगा। सरकार को पुनर्विचार कर यह निर्णय वापस लेना चाहिए।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, नगर महामंत्री अनुज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल, अमरनाथ चौधरी, संजय निधि अग्रवाल, मृदुला भार्गव और राजीव भार्गव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।