प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देतीं फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग (बाएं से दूसरी)।
लखनऊ। हैदराबाद की तर्ज पर लखनऊ में भी ऐसा इंडस्ट्रियल पार्क बनाने का लक्ष्य है, जिसमें महिला उद्यमी अपनी यूनिट लगा सकें। हैंडलूम, फूड प्रोसेसिंग और स्टार्टअप में लखनऊ और प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दिलाना और कौशल विकास के साथ नया बाजार उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता में है। यह बातें फिक्की फ्लो की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग ने जॉपलिंग रोड स्थित होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।
पांच वर्ष पहले लखनऊ चैप्टर चेयरपर्सन से फ्लो की 43वीं राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय करने वाली लखनऊ की पूजा गर्ग ने बताया कि अगले एक वर्ष के कार्यकाल में महिलाओं को सशक्त बनाने और सक्षम वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा। स्ट्रेंथ विदइन, स्केल बेयॉन्ड पर फोकस किया जाएगा। नवाचार, उद्यमिता, कौशल विकास और नेतृत्व के आधार पर जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ेगा हम महिलाएं इस यात्रा का मुख्य हिस्सा होंगी। उनके साथ केंद्रीय गवर्निंग बॉडी में माधुरी हलवासिया, अंजू नारायण, स्वाति वर्मा और आरुषि टंडन भी शामिल हुई हैं।
-
लखनऊ चैप्टर की अध्यक्ष बनीं सिमरन साहनी
लखनऊ चैप्टर ने भी अपनी कार्यकारी समिति की घोषणा की। नवनिर्वाचित चैप्टर चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने अपनी कार्यकारी समिति की घोषणा की। बताया कि निवर्तमान अध्यक्ष वंदिता अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवांशी सेठ, उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह,कोषाध्यक्ष मिताली ओसवाल, सचिव प्रज्ञा अग्रवाल, संयुक्त कोषाध्यक्ष अदिति जग्गी रस्तोगी और वसुधा जैन उनकी समिति में शामिल हैं। सब मिलकर सालभर उद्यमिता और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में जमीन पर काम करके संगठन को आगे तक लेकर जाएंगे।