अलीगंज इलाके में मामूली विवाद में गैंगस्टर साहिल सोनकर ने अपने अधिवक्ता भाई की एसयूवी से डाला चालक दीपू को रौंदकर मार डाला था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में साहिल ने यह कुबूला है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया। साथ ही बाइक और दिल्ली नंबर वाली एसयूवी बरामद कर ली है।
डीसीपी उत्तरी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि सीतापुर रोड स्थित अहिबरन रोड निवासी दीपू पर एसयूवी चढ़ाने वाले त्रिवेणीनगर-दो निवासी साहिल सोनकर और उसके साथी अनुज गुप्ता व ऋषभ श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया।
साहिल के खिलाफ हसनगंज से गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई हुई थी, जबकि साहिल के साथ ऋषभ व अनुज पर अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
इसके बाद पुलिस ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई की थी। पूछताछ में साहिल ने बताया कि वह शादी समारोह में था।
इस बीच ऋषभ व अनुज ने विवाद की सूचना दी तो वह अपने अधिवक्ता भाई की एसयूवी लेकर मौके पर पहुंचा और विवाद बढ़ने पर कार चढ़ा दी।
तीनों नामजद आरोपी दुकानदारों से लेकर ठेला लगाने वालों से हफ्ता वसूलते हैं। अलीगंज इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक, साहिल के खिलाफ लूटपाट, हत्या, हत्या की कोशिश समेत नौ मामले दर्ज हैं। ऋषभ और अनुज पर तीन-तीन मामले दर्ज हैं।
चाय की दुकान पर हुआ था विवाद
राकेश के मुताबिक, भाई दीपू शनिवार रात भाड़ा उतार कर घर आ रहा था। घर के पास ही पाल चाय की दुकान पर एक दोस्त के मिलने पर रुक गया। इस दौरान डाला हटाने को लेकर कार सवार युवकों से विवाद हो गया। भाई डाला लेकर घर आ गया। पीछे से कार सवार युवक भी आ धमके और हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर वह भाई मुकेश के साथ नीचे आया और मामला शांत कराया। इस बीच साहिल अपने कुछ दोस्तों के साथ एसयूवी से पहुंचा तो दोबारा विवाद शुरू हो गया। साहिल व उसके साथियाें ने एसयूवी से तीनाें भाइयों को टक्कर मार दी। इससे मुकेश व राकेश दूर जा गिरे। इसके बाद दीपू पर एसयूवी चढ़ाते हुए आरोपी भाग निकले थे।