लनखनऊ। एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज प्रेम प्रकाश ने मथुरा के जीएलए यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल ट्रेड में बीटेक किया था। इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना बृजेश यादव का दावा है कि कॉलेज में रहते हुए उसने विवि में दाखिले के नाम पर कुछ लोगों से रुपये ऐंठे थे। वहीं से आरोपी इस गोरखधंधे में आ गया और शॉर्टकट से रुपये कमाने की लत लग गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी वर्ष 2011 से ठगी कर रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में बिहार के रोहतास में अमानत में खयानत का पहले केस दर्ज हुआ था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला बढ़ता चला गया। उन्होंने बताया कि लखनऊ में आरोपी के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज हैं। लखनऊ में आरोपी करीब ढाई करोड़ की ठगी को अंजाम दे चुका है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने ठगी की रकम से दिल्ली, वाराणसी और बिहार में प्रॉपर्टी खरीदी है। इसके अलावा लखनऊ में उसने 25 लाख रुपये के जेवर खरीदे थे। उसने लखनऊ में अभी तक कोई प्रॉपर्टी नहीं खरीदी थी। जांच में पता चला है कि बिहार के औरंगाबाद में आरोपी की साढ़े चार करोड़ रुपये की कोठी है। डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई कर ठगी की रकम से खरीदी गई प्रॉपर्टी को जब्त किया जाएगा।
छह देशों की यात्रा भी कर चुका है जालसाज
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी प्रेम प्रकाश को हाईफाई जीवनशैली का शौक है। वह सऊदी अरब, वियतनाम, स्विट्जरलैंड, रूस, थाईलैंड और सिंगापुर की यात्रा कर चुका है। उसका महीने का दो से ढाई लाख रुपये का खर्च है। वह शहर के हाईफाई होटलों में ठहरता था और अय्याशी करता था।
बिहार पुलिस की अभिरक्षा से फरार होने के बाद बदलता रहा ठिकाने
पुलिस को जांच में पता चला कि पिछले वर्ष आरोपी को बिहार पुलिस पेशी के लिए सहारनपुर लेकर जा रही थी। वहां से वह पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला था। इसके बाद वह अलग-अलग नाम रखकर एक शहर से दूसरे शहर घूम रहा था। इस दौरान वह अपने सहयोगियों खासकर पकड़े गए संतोष कुमार के दस्तावेज लेकर कंसल्टेंसी खोलकर ठगी करने लगा।
प्रमोशन के लिए फिल्मी हस्तियों को बुलाता था
डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित ने बताया कि अपनी कंसल्टेंसी के प्रमोशन के लिए आरोपी फिल्मी सितारों को बुलाता था। बिहार के पटना में प्रमोशन के लिए आरोपी ने गोविंदा और गोरखपुर में अदाकारा प्रीति जिंटा को बुलाया था।