लखनऊ। चाहे जिला फुटबाॅल लीग हो या अन्य कोई बड़ी प्रतियोगिता। पुराने लखनऊ के ऐतिहासिक चौक स्टेडियम में फुटबाॅल की रौनक साल भर छाई रहती थी, लेकिन वर्तमान में यहां की कहानी अलग तस्वीर बयां करती हैं। दरअसल, स्टेडियम में अप्रैल माह में शुरू हुए नए सत्र में कोई फुटबॉल कोच नियुक्त नहीं किया गया। शुरुआती कुछ दिन तो यहां कुछ सीनियर फुटबॉलर शौकिया तौर तौर ट्रेनिंग करने आए, लेकिन स्टेडियम प्रबंधन ने कोच न होने के कारण फुटबॉलरों को खेलने से मना कर दिया। अब चौक स्टेडियम में फुटबॉल छोड़ अन्य सभी खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लखनऊ फुटबॉल एसोसिएशन के कोच कन्हैया लाल ने कहा कि चौक स्टेडियम में फुटबाॅल के महत्व को देखते हुए यहां प्रशिक्षण पर ब्रेक नहीं लगना चाहिए। दो माह बीत जाने के बाद यहां एक भी कोच नियुक्त न करना निराशाजनक है। आने वाले समय में चौक स्टेडियम में जिला फुटबॉल लीग और यूथ लीग जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं होनी है। स्टेडियम में एक कोच नियुक्त होने से इन आयोजनों के संचालन में सुविधा होगी। उधर, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अतुल सिन्हा ने बताया कि चौक स्टेडियम में फुटबॉल कोच जल्द ही नियुक्त किया जाएगा ताकि इस खेल की ट्रेनिंग को नए सिरे से शुरू किया जा सके।