प्रदेश का जंगल महकमा जल्द ही एक दर्जन युवा हाथियों से लैस होगा। इन हाथियों की उम्र 12 से 20 साल के आसपास है। इनमें 11 मादाओं के साथ एक युवा नर हाथी है।
कर्नाटक के एक केंद्र से लाए जाने वाले ये हाथी जंगल की रखवाली और रेस्क्यू ऑपरेशन में मददगार बनेंगे।
इन हाथियों को यहां पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दुधवा नेशनल पार्क और गैंडों की सक्रियता वाले क्षेत्रों में कुशल महावतों की निगरानी में तैनात किया जाएगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि हिंसक वन्यजीव और मानव संघर्षों के चलते लगातार हो रही अप्रिय घटनाओं में इनसे रोक लगेगी।
जंगलों में कांबिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए ट्रेंड किए गए इन हाथियों की पड़ताल के लिए सितंबर के तीसरे सप्ताह में वन विभाग के अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम एक हफ्ते तक कर्नाटक में कैंप करेगी।