अमर उजाला फालोअप
ऊंचाहार पुलिस ने की पूूछताछ, परिजन छात्र की मौत को बता रहे हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। छात्र की मौत के मामले में सोमवार को पुलिस ने टॉवर वैगन के चालक से पूछताछ की। इस दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि छात्र खुद रेल लाइन पर वैगन के सामने लेटा था। उसकी वैगन की चपेट में आने से मौत हुई थी। वहीं परिजन तीन लोगों पर छात्र की हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर सुल्तान (पनवारी) निवासी शिवांश पांडेय (16) पुत्र राम प्रताप पांडेय कक्षा 11 का छात्र था। शुक्रवार की शाम वह सादे की बाजार साइकिल से सब्जी लाने गया था। देर रात उसका शव रेल लाइन पर मिला था। रविवार को छात्र के पिता ने कोतवाली पहुंचकर बेटे की प्रेम प्रसंग में हत्या होने की आशंका जताई थी। प्रेमिका के पिता समेत तीन लोगों पर छात्र की हत्या कर घटना को छुपाने के लिए शव रेल लाइन पर फेंकने की तहरीर दी थी। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
सोमवार को पुलिस ने टॅावर वैगन चालक राम सजीवन से घटना के संबंध में पूछताछ की। चालक ने पुलिस को बताया कि वह लगभग 80 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से वैगन लेकर जा रहा था। इस दौरान छात्र झाड़ियों से निकलकर रेल लाइन पर लेट गया। गाड़ी की स्पीड अधिक होने के चलते वैगन नहीं रोक सका और वह कट गया। इसकी सूचना उसने रात में ही परियावां रेलवे स्टेशन पर दी थी। कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे भी ट्रेन से कटने की वजह से मौत होने की पुष्टि हुई है। वैगन चालक ने भी उसके आत्महत्या करने की बात बताई है। घटना की पड़ताल की जा रही है।