अलीगंज स्थित आईटीआई में लगे रोजगार मेले में इंटरव्यू देते हुए
लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बृहस्पतिवार को लगे रोजगार मेले में चार कंपनियों में 17 युवाओं का चयन हुआ। चयनितों को कंपनी की ओर से 13 हजार रुपये प्रति महीने वेतन दिया जाएगा। साथ में दोपहर का खाना और मेडिकल की सुविधा भी दी जाएगी।
आईटीआई प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि रोजगार मेले में सैमसंग के अलावा, औडाज वेंचर्स, वीविंग और सुजलान एनर्जी कंपनी शामिल हुई। कंपनियों की ओर से हुए साक्षात्कार व पंजीकरण प्रक्रिया में 55 युवा शामिल हुए। दस्तावेज जांच में 35 विद्यार्थी सही पाए गए। इनमें चयनित 17 युवाओं को प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने रोजगार का ऑफर लेटर दिया है।
21 जून को दोबारा मिलेगा मौका
आईटीआई प्लेसमेंट अधिकारी ने बताया कि सैमसंग कंपनी ने नोएडा प्लांट के लिए टेक्नीशियन के 70 पदों पर साक्षात्कार लिया था। हालांकि, तय सीटों के मुकाबले युवाओं की प्रतिभागिता कम रही। जो युवा किसी वजह से रोजगार मेले में शामिल नहीं हो पाए हैं उन्हें 21 जून को प्रस्तावित रोजगार मेला में दोबारा मौका दिया जाएगा।