लखनऊ। फैजुल्लागंज चतुर्थ वार्ड के अल्लूनगर गांव में छह महीने पहले करीब 6 लाख रुपये खर्च कर इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का निर्माण कराया गया था। घटिया गुणवत्ता के कारण सड़क व नाली टूटने लगी है। लोगों ने नगर निगम में इसकी शिकायत की है। अल्लूनगर निवासी अभिषेक ने बताया कि यह इलाका पहली बार नगर निगम की सीमा में आया है। ऐसे में रामपाल के घर से जंगलेश्वर महादेव मंदिर तक इंटरलॉकिंग सड़क व नाली का नगर निगम ने निर्माण कराया था। इसमें मानक के तहत निर्माण सामग्री का इस्तेमाल न होने से छह महीने में ही नाली जगह-जगह से टूट गई और सड़क की ईंटें भी टूटकर खराब हो रही हैं। इलाके के राजेश, नीशू, शरद, अमन ने इन्हें फिर से बनाने की मांग की है। अभियंता विकास सिंह का कहना है कि शिकायत आई है। जहां पर जो खराबी होगी उसे ठीक कराया जाएगा।