पांच दिन पहले रखी नौकरानी का नहीं कराया था थाने से सत्यापन
लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-के में बुधवार को संदिग्ध हालात में अपने मकान में मृत मिलीं नीरा गुप्ता (65) के मामले में पुलिस को अभी तक उनकी नौकरानी के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। दरअसल नीरा ने पांच दिन पहले एक फर्म के जरिये नौकरानी रखी थी लेकिन उसका थाने से सत्यापन नहीं कराया था।
नीरा के सौतेले बच्चे अमेरिका में रहते हैं। उनके पति एचआर गुप्ता पंजाब एंड सिंध बैंक से सेवानिवृत्त थे। उनकी एक साल पहले मौत हो चुकी है। घर में नीरा अकेले ही रहती थीं। बुधवार को उनके भतीजे इंदिरानगर निवासी अनुभव जब घर पहुंचे तब नीरा मृत मिली थीं। आसपास खून फैला हुआ था। इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय ने बताया कि घटना की जानकारी नीरा के घरवालों को दी गई थी लेकिन उनके अभी तक नहीं आ पाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। वहीं, आसपास से पता चला था कि नीरा ने एक फर्म के जरिये पांच दिन पहले नौकरानी रखी थी। इसका भी कुछ पता नहीं चल सका है। किसी के पास उसका मोबाइल नंबर भी नहीं है। घटना के दिन से नौकरानी लापता है। उसकी पहचान के लिए फुटेज देखी जा रही हैं।