अलीगंज में अपने भाई को राखी बांधती बहन। -संवाद
लखनऊ। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को राजधानी में पूरे उल्लास और पारिवारिक अपनत्व के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में रौनक रही। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर हर परिस्थिति में साथ निभाने और उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया।
शहर के कई इलाकों में मायके पहुंचीं बहनों के कारण घरों में खास चहल-पहल रही। मिठाइयों, उपहारों और राखियों की खरीदारी से बाजारों में भी उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कई परिवारों ने इस अवसर पर एक साथ भोजन कर पुराने रिश्तों और बचपन की यादों को ताजा किया।
रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश सरकार की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा सुविधा ने भी बहनों का सफर आसान किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसका लाभ उठाकर भाइयों के घर पहुंचकर पर्व मनाया।
वहीं लखनऊ में रक्षाबंधन केवल पारंपरिक रस्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खानपान, पारिवारिक मिलन और छुट्टी के माहौल ने भी पर्व की खुशियों को और खास बना दिया।
अलीगंज में अपने भाई को राखी बांधती बहन। -संवाद