लखनऊ। आधी आबादी की तरक्की के बिना देश की उन्नति नहीं हो सकती है। हमें रानी लक्ष्मीबाई, बेगम हजरत महल से सीखना चाहिए जो अपने हक के लिए अंग्रेजों से लड़ गईं। ये बातें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गोमतीनगर स्थित एक होटल में महिला विभूतियों के सम्मान-समारोह के दौरान कहीं।
जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट व सपा महिला सभा की ओर से आयोजित ''''अजया महिला सम्मान समारोह'''' में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में परचम लहरा रही 98 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने दिवंगत सपा समाजवादी नेता डॉ. लोहिया के साथ ही शिक्षा में योगदान के लिए सावित्री बाई फुले को याद किया।
यहां अखिलेश यादव ने कहा, उनकी सरकार ने जब 1090 सेवा शुरू की तब इसे विमेन हेल्पलाइन नहीं बल्कि पावर विमेन नाम रखा। उनकी सरकार जब आएगी तब ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पेंशन देने की योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा, प्रो. रूपरेखा ने जिंदगी भर लोगों को जगाने का काम किया है।
मलिहाबाद में अयोध्या की महिला की हुई हत्या के प्रकरण पर बोले कि एनकाउंटर किसी समस्या का हल नहीं हो सकता। महिलाएं देश में सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। यूपी के एक आईएस अधिकारी पर हुई कार्रवाई पर कहा, वसूली की रकम के बंटवारे की लड़ाई में वो पकड़े गए।
व्यंग्य करते हुए कहा, मैं एक मंदिर में गया तो मंदिर को गंगाजल से धुलवाया गया। इस लिए मनबनाकर महाकुंभ में नहाने गया। अब विपक्षी दल गंगाजल को किस जल से धुलवाएंगे।
सांसद डिंपल यादव ने कार्यक्रम में कहा, महिलाएं बढ़ती हैं तो देश आगे बढ़ता है। दुर्भाग्य से महिलाओं के सपनों को पुरुष उतना मान नहीं देते। जो स्त्रियां मुखर हैं या हक के लिए बोलती हैं उन पर सवाल खड़े किए जाते हैं। चुटकी लेते कहा, ईश्वर ने पहले पुरुषों को बनाया होगा, स्त्रियों को बाद में। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता व गायिका चाहत मल्होत्रा ने, ओ री चिरैया...गीत सुनाया।