लखनऊ। वर्टिकल सिस्टम में हेल्प डेस्क पर दर्ज होने वाली समस्याओं व झटपट पोर्टल पर नए कनेक्शन के आवेदनों के निस्तारण में तेजी आ गई है। पहले जो बिजली कनेक्शन 14 दिन में देने का प्रावधान था, अब तीन दिन में कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को सभी मुख्य अभियंताओं एवं अधीक्षण अभियंताओं ने हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।
लखनऊ मध्य के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि 18 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से सभी का निराकरण कर दिया गया। भूपेंद्र सिंह को तीन, रवींद्र कुमार निषाद को दो और राजेश सिंह यादव को पांच किलोवाट का कनेक्शन तीन दिन में ही दे दिया। मोतीराम, मेघा, ललिता देवी, रमेश कुमार की समस्याएं निस्तारित कर दी गईं।
मुख्य अभियंता महफूज आलम ने नादरगंज हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शाम छह बजे तक 49 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 30 का निवारण कर दिया गया। इनमें नौ गलत बिल, आठ बिजली आपूर्ति, 15 केवाईसी अपडेट की थीं। काकोरी के अतुल वर्मा की लोड घटाने व रहीमाबाद के देशराज की केबल खराब होने की शिकायत को सात दिन में दूर कर दिया गया।